Business News

छत्तीसगढ़ में देश का पहला AI SEZ: ₹1,000 करोड़ का निवेश, नवा रायपुर बनेगा टेक्नोलॉजी का हब

By jyotiatalnagar@gmail.com · 28 May 2025 · 1 min read
छत्तीसगढ़ में देश का पहला AI SEZ: ₹1,000 करोड़ का निवेश, नवा रायपुर बनेगा टेक्नोलॉजी का हब
← Back to City Pulse

नवा रायपुर , छत्तीसगढ़: भारत का पहला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर केंद्रित विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) अब छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर में आकार ले रहा है। यह विशेष क्षेत्र पूरी तरह से AI और कंप्यूटर डेटा से जुड़ी अत्याधुनिक तकनीकों के विकास, संचालन और नवाचार को समर्पित होगा।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना को रैकबैंक डेटा सेंटर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विकसित किया जा रहा है, जिसमें करीब ₹1,000 करोड़ का निवेश किया जाएगा। यह SEZ लगभग 6 एकड़ भूमि में फैला होगा और इसमें 1.5 लाख वर्ग फुट का एक विशाल और अत्याधुनिक डेटा सेंटर शामिल होगा। आगे की योजना में चार और हाई-डेंसिटी डेटा सेंटर्स का निर्माण किया जाएगा, जिनकी संयुक्त क्षमता 80 मेगावाट होगी। यह क्षमता देश के कई राज्यों के डिजिटल नेटवर्क को सुचारू रूप से संचालित करने में सक्षम होगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस परियोजना को "नवा छत्तीसगढ़ की नई शुरुआत" बताया। उन्होंने कहा कि यह निवेश राज्य के युवाओं को नए रोजगार के अवसर देगा और छत्तीसगढ़ को एक तकनीकी पहचान प्रदान करेगा। यह पहल डिजिटल इंडिया और मेक इन इंडिया जैसे राष्ट्रीय अभियानों को भी मजबूती देगी।

रैकबैंक के कंपनी का लक्ष्य भारत को AI के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है। इस डेटा सेंटर में आईटी इंजीनियर, डेटा एनालिस्ट, साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ, नेटवर्क मैनेजर समेत कई तकनीकी पदों पर नौकरियों के अवसर मिलेंगे।

इस डेटा सेंटर का निर्माण ग्रीन बिल्डिंग सर्टिफिकेशन मानकों के अनुसार किया जाएगा। इसमें सौर ऊर्जा, जल संरक्षण और ऊर्जा-कुशल तकनीकों का उपयोग किया जाएगा, जिससे यह परियोजना पर्यावरण के अनुकूल भी रहेगी।